देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को रायपुर क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

सुबोध उनियाल ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने इसके माध्यम से आमजन को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने का अवसर मिला।

कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और श्रमिक परिवारों को सहायता

शिविर में कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट वितरित की गईं। बाल विकास विभाग ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान कीं।

वहीं, श्रम विभाग की ओर से 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण किट, स्वच्छता किट और शिक्षा किट उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों की भागीदारी से लोगों को एक ही स्थान पर कई योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने का अवसर मिला।

जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और कृषि, श्रम, बाल विकास तथा स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ उठाएं।

शिविर में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed