देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1818 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इन पदों पर चयन के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेज दिया गया है। भर्ती पुलिस, वन, आबकारी और कारागार विभाग में की जानी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, अब तक प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। सरकार का संकल्प है कि योग्य युवाओं को अपनी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिले और सरकारी भर्तियों में किसी भी तरह का समझौता न हो।
किस विभाग में कितने पदों पर होगी भर्ती?
आयोग को भेजे गए अधियाचन के अनुसार सबसे अधिक 1385 पद उत्तराखंड पुलिस विभाग से संबंधित हैं। इनमें आरक्षी संवर्ग के 1187, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 और प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी/एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
अन्य विभागों में पदों का विवरण इस प्रकार है:
- कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग: बंदीरक्षक के 117 पद।
- आबकारी विभाग: आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पद।
- वन विभाग: वन आरक्षी के 189 और स्पेशल टाइगर गार्ड्स के 75 पद।
निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपनों को साकार करना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों के लिए आयोग को अधियाचन भेजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत और क्षमता के अनुरूप सरकारी सेवा में आने का अवसर मिल सके।
