लखपति दीदी योजना और स्वरोजगार कार्यक्रमों पर जोर, 10 दिसंबर तक वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण का 50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा

देहरादून, 26 नवंबर। ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने अधिकारियों को सभी योजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विशेष रूप से आगामी विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले समूह लाभार्थियों के खातों में आवश्यक धनराशि हस्तांतरित करने को कहा।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), रीप ग्रामोत्थान परियोजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की वार्षिक प्रगति की समीक्षा की गई।

लखपति दीदी और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों पर जोर

सीडीओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशन, मॉडल क्लस्टर लेवल फेडरेशन और विकासखंड स्तर पर लखपति दीदी के निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आगामी 10 दिसंबर तक 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

कालसी विकासखंड में मॉडल क्लस्टर लेवल फेडरेशन में मानव संसाधन की कमी पर उन्होंने नाराजगी जताई। एचआर और अकाउंटेंट के रिक्त पदों पर आचार संहिता लागू होने से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा। साथ ही समूहों से जुड़े कार्यों और कॉन्ट्रैक्ट भुगतान में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आचार संहिता से पहले खातों में पहुंचेगी धनराशि

रीप ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने प्रत्येक विकासखंड में निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटरों की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार रखने और परियोजना की गतिविधियों को प्रस्तुतियों में शामिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समूहों के लाभार्थियों के खातों में किए जाने वाले सभी आवश्यक धनराशि हस्तांतरण आगामी चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।

आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की भी हुई समीक्षा

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति का प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जायजा लिया गया। सीडीओ ने पीएमजीएसवाई की सड़कों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित करने में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

ईटीसी शंकरपुर और आरसेटी की ओर से संचालित गतिविधियों में नवाचार और जरूरी बदलाव लाकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं की प्रगति जांची

सीडीओ ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभार्थियों का विवरण लेते हुए बूथ स्तर पर आयोजित शिविरों की रिपोर्ट मांगी। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने अब तक रोजगार प्राप्त कर चुके युवाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति और विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार, जिला मिशन प्रबंधक अशोक कुमार चतुर्वेदी सहित ग्राम्य विकास विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed