देहरादून, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से अक्षय तृतीया के अवसर पर शुरू होने जा रही है। यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पंजीकरण और सुविधा व्यवस्थाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। यहां 24 पंजीकरण काउंटर और आईएसबीटी पर 6 काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 30 मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया है, जो दिन-रात होटल, धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण सुनिश्चित करेंगी।

धर्मशालाओं और आश्रमों में लगभग 7100 बेड की व्यवस्था चिन्हित की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी स्क्रीन के माध्यम से होटल-धर्मशालाओं की जानकारी और संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

24×7 कंट्रोल रूम और हेल्थ सेवाएं

ट्रांजिट कैंप में 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात रहेंगे। इसके अलावा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ऋषिकेश और हरबर्टपुर में 24 घंटे मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। फिलहाल 6 मेडिकल टीमें (3-3 दोनों स्थानों पर) तैनात की जा चुकी हैं।

पेयजल, शौचालय और भोजन की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने जल संस्थान को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों और बैरियर पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मोबाइल शौचालय, टेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

यात्रियों के लिए ट्रांजिट कैंप में निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।

सड़क और निर्माण कार्यों पर सख्ती

पेयजल निगम द्वारा समय पर कार्य पूरा न करने पर जिलाधिकारी ने उनकी अनुमति निरस्त कर दी है और निर्देश दिए हैं कि 19 अप्रैल से पहले सभी खोदी गई सड़कों को दुरुस्त किया जाए।

लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को भी यात्रा मार्गों के ब्लैक स्पॉट्स को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

सफाई के लिए 50 लाख की मंजूरी

सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से 50 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही स्वीकृत की गई है। साथ ही, सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली अनुबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की सख्त तैयारी

बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed