रुद्रप्रयाग, 13 जून। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “खेत बचाओ अभियान” के तहत शनिवार को विकासखंड जखोली के ग्राम मेदनपुर में कृषक गोष्ठी एवं कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं जनपद रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से सीधा संवाद कर आधुनिक, वैज्ञानिक और प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मिलेट्स और चौलाई से बने लड्डुओं को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में प्रसाद के रूप में तैयार किया जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
50 हजार पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य
मंत्री जोशी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राज्य में 50 हजार पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पहले चरण में 16 हजार पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट, कीवी तथा सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं अरोमा मिशन के तहत प्रदेश के 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
वैज्ञानिक और प्राकृतिक खेती पर दिया जोर
कृषि मंत्री ने मेदनपुर के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कृषक नई तकनीकों को अपनाकर खेती के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेत किसान की आत्मा हैं और फसलों को प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य जोखिमों से बचाने के लिए वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने किसानों से कृषि को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को अपनाने का आह्वान किया।
महिला समूहों के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा मिलेट्स और चौलाई से तैयार किए जा रहे लड्डुओं का अवलोकन किया तथा समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इसके अलावा उन्होंने कृषि विभाग द्वारा स्थापित फूलों की खेती, जियो टैंक और पॉलीहाउस का निरीक्षण कर किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
रासायनिक उर्वरकों की बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग पूर्ण रूप से जैविक जनपद है। यदि जिले में कोई व्यक्ति रासायनिक उर्वरकों की बिक्री करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है और किसानों को प्राकृतिक खेती के माध्यम से बेहतर उत्पादन एवं आय के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
