देहरादून, 10 नवंबर। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में दीपावली का पर्व अंतरराष्ट्रीय उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में 27 से अधिक देशों के छात्र-छात्राओं ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर और आतिशबाजी के बीच दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में भारत, फ्रांस, रूस, तुर्की, मिस्र, म्यांमार, नेपाल, लेसोथो, जिम्बाब्वे, युगांडा, तंजानिया, दक्षिण सूडान, ट्यूनीशिया और लाइबेरिया सहित कई देशों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में म्यांमार के थांग और सॉ, इस्वातिनी के वाखिले, दक्षिण सूडान की डेस्टिनी और भारत की प्रतिष्ठा व शौर्य सहित विभिन्न देशों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में अलग-अलग देशों की परंपराओं और सांस्कृतिक विशिष्टताओं की झलक देखने को मिली।
इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए और पटाखों व आतिशबाजी के साथ दीपावली मनाई। रंग-बिरंगी रोशनी और उत्साह से भरे माहौल में विदेशी और भारतीय विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
समारोह में यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर डॉ. राकेश कुमार शर्मा, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
