नदियों में सीधे गिरने वाले सात नालों को एसटीपी से जोड़ने की तैयारी, चुनाव आचार संहिता से पहले नए एसटीपी का निर्माण शुरू कराने के निर्देश

देहरादून, 26 नवंबर। देहरादून की नदियों को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में उन्होंने रिस्पना और बिंदाल नदियों में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर जाली व स्क्रीन लगाने को कहा।

जिलाधिकारी ने सेप्टिक टैंकरों की नियमित निगरानी करने और उनसे निकलने वाले मल-मूत्र का निर्धारित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में उपचार कराने के बाद ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कचरा परिवहन पर निगरानी के लिए सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का नगर निगम में अनिवार्य पंजीकरण कराने को भी कहा।

सात नालों को एसटीपी से जोड़ा जाएगा

डीएम ने निर्माणाधीन एसटीपी का काम तेजी से पूरा करने और प्रस्तावित नए एसटीपी के निर्माण के लिए तत्काल आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले नए एसटीपी का निर्माण शुरू कराया जाए।

इसके साथ ही जिले के सभी घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए नदियों में सीधे गिरने वाले सभी सात नालों को एसटीपी से टैप करने के निर्देश दिए।

अवैध डंपिंग और कूड़ा प्रबंधन पर रहेगी नजर

जिलाधिकारी ने सभी शहरी स्थानीय निकायों को अपने क्षेत्रों के डंपिंग यार्ड का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए। जिला पंचायत और विकासखंडों को आवंटित कॉम्पेक्टर मशीनों से कूड़े के निस्तारण की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।

शहरी क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान कर कूड़े का अनिवार्य पृथक्करण सुनिश्चित करने को कहा गया। गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण करने तथा पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

अस्पतालों और लैब के बायोमेडिकल वेस्ट की होगी जांच

डीएम ने अस्पतालों, मेडिकल लैब और क्लीनिकों से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित मानकों के अनुसार उसका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पर्यावरण और नदियों की स्वच्छता के लिए काम करने के निर्देश दिए।

देहरादून में 15 एसटीपी संचालित, 73,767 घरों को मिले सीवेज कनेक्शन

बैठक में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि देहरादून में वर्तमान में कुल 166.45 एमएलडी क्षमता के 15 एसटीपी संचालित हैं। सीवेज कनेक्शन के लिए निर्धारित 1,55,601 घरों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 73,767 घरों को कनेक्शन दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त सात नए एसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित जल संस्थान और जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed