50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा; तीन दिवसीय सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन, हिमालयी आपदाओं, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर होगा मंथन।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।
सम्मेलन में 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सहभागिता है। इसके विभिन्न सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता और जलवायु परिवर्तन से पैदा हो रही चुनौतियों पर भी विशेष चर्चा होगी।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक जीत थी। उन्होंने इस अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय और राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अभियान के अंतिम चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और लगातार मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया।
हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। केदारनाथ आपदा-2013, चमोली आपदा-2021 और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अतिवृष्टि, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा समय रहते चेतावनी देने वाली व्यवस्थाओं को मजबूत करना आवश्यक है।
एआई, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि जोखिमों का समय रहते आकलन हो और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल राहत और बचाव तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसमें जोखिमों का पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी, प्रभावी चेतावनी प्रणाली और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण को भी शामिल करना होगा। इसकी शुरुआत घर, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।
धराली आपदा का जिक्र, प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद वह स्वयं हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे और लोगों से मुलाकात कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया था। उन्होंने गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने के प्रसंग को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रभावित परिवारों का विश्वास और स्नेह सरकार को उनके साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और अधिकारी उपस्थित रहे।
