डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए क्षेत्र भ्रमण और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का आकलन करने के निर्देश। प्रशिक्षण में 46 जोनल और 218 सेक्टर मजिस्ट्रेट रहे मौजूद।

देहरादून, 27 नवंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग हॉल में निर्वाचन के लिए नियुक्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, निर्विघ्न और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और सफल बनाने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महापर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है। निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और किसी भी तरह की शंका होने पर समय रहते उच्चाधिकारियों से समाधान प्राप्त करने को कहा।

मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयार करना होगा डेटाबेस

डीएम ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग, सड़क से केंद्र की दूरी, भवन की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ), कनेक्टिविटी और नेटवर्क की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा।

इसके साथ ही वर्नेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग कर संबंधित जानकारियों का डेटाबेस तैयार करने को कहा गया। डीएम ने क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान जुटाई गई सूचनाओं का सटीक संकलन और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

प्रशिक्षण में 264 अधिकारी रहे उपस्थित

प्रशिक्षण में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 और 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed