उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देघाट क्षेत्र के चिंतोली गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चिंतोली गांव के चार युवक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली के नीचे दबने से दो युवक बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्राम प्रहरी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दर्शन सिंह और चंदन सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी युवक एक ही गांव के निवासी थे, जिससे पूरे गांव में मातम का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
