शांत और सुरक्षित माने जाने वाले उत्तराखंड में बीते दिनों अपराध की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही हत्याओं ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 16 दिनों के भीतर पांच सनसनीखेज हत्याएं होने से आमजन में भय का माहौल है।

इन वारदातों की पड़ताल में ज्यादातर मामलों में आपसी रंजिश, संबंधों में तनाव या पुरानी दुश्मनी जैसी वजहें सामने आई हैं। इसके बावजूद लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र समय रहते सक्रिय क्यों नहीं हो पाया।

विकासनगर में छात्रा की हत्या

29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर में 12वीं की एक छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजन के मुताबिक उसका चचेरा भाई उसे दवा दिलाने के बहाने साथ ले गया था। देर तक वापस न लौटने पर तलाश शुरू हुई तो शक्तिनहर किनारे झाड़ियों में युवती का शव मिला। सिर पर गंभीर चोटें थीं, चेहरा पत्थर से कुचला गया था और हाथ की अंगुलियां कटी हुई थीं। पुलिस ने मौके से बाइक, दरांती और पत्थर बरामद किए। नामजद आरोपित फरार बताया गया।

ऋषिकेश में महिला को गोली मारी

31 जनवरी की रात ऋषिकेश के शिवाजी नगर में 35 वर्षीय प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह AIIMS ऋषिकेश में अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत थी। बताया गया कि रात करीब दस बजे दरवाजा खटखटाने पर जैसे ही उसने दरवाजा खोला, हमलावर ने सीने में गोली दाग दी। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाद में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

दूल्हा बाजार में चापड़ से हमला

दो फरवरी को मच्छी बाजार स्थित दूल्हा बाजार में एक 22 वर्षीय युवती की सरेआम चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका ने पहले ही खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दी थी कि आकाश कुमार नामक युवक उसे धमका रहा है और बड़ी वारदात कर सकता है। आरोप है कि समय रहते कार्रवाई न होने के चलते घटना घट गई। हालांकि वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया।

परेड ग्राउंड के पास कारोबारी की हत्या

11 फरवरी को परेड ग्राउंड के पास तिब्बती मार्केट क्षेत्र में कारोबारी अर्जुन शर्मा को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। वह टेनिस खेलने के बाद अपनी कार की ओर जा रहे थे। हमलावर बिना नंबर की स्कूटी से आए और वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो शूटरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

जिम के बाहर गैंगस्टर पर फायरिंग

13 फरवरी की सुबह रायपुर इलाके में सिल्वर सिटी स्थित ‘एनी टाइम, एनी क्लब’ जिम के बाहर झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक से आए और फायरिंग के बाद भाग निकले। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आपसी गैंगवार मानते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है।


लगातार हो रही इन घटनाओं ने लोगों के मन में असुरक्षा की भावना को गहरा किया है। नागरिकों का कहना है कि संवेदनशील मामलों में समय रहते सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस का दावा है कि अधिकांश मामलों में आरोपितों को पकड़ लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *