देहरादून। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को देहरादून नगर क्षेत्र के होटल-रेस्टोरेंटों में जांच के दौरान 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के मामले में कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ रायवाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
होटल-रेस्टोरेंटों में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल
जिला प्रशासन के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों के अनधिकृत व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर 10 सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में जमा कराया गया है।
छिद्दरवाला में अवैध रिफिलिंग पर छापा
छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। मौके पर मिले संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ रायवाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया।
त्योहारों के मद्देनजर निगरानी बढ़ाई
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और इस्तेमाल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित घरेलू कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका अनधिकृत इस्तेमाल, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
