तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन सड़क, पार्किंग, अस्पताल, सीवेज प्रबंधन और पर्यटन सुविधाओं के रखरखाव पर बनी कार्ययोजना; UN-IAM टूलकिट के उपयोग की दी गई जानकारी

देहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और सतत विकास को लेकर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न सरकारी परिसंपत्तियों के नियोजन, निर्माण, संचालन और रखरखाव पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और राज्य सरकार के अधिकारियों ने सार्वजनिक संपत्तियों के दीर्घकालिक उपयोग और प्रभावी प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया।

कार्यशाला में देहरादून के आईएसबीटी हाउसिंग सोसायटी और पार्किंग सुविधा, आयुष अस्पताल भवन एवं आवश्यक सेवाएं, शीशमबाड़ा में सीवेज एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा, ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेशभर में पार्किंग सुविधाओं, कैंची में बहुमंजिला पार्किंग और ग्रामीण सड़क ढांचे से जुड़ी परिसंपत्तियों पर चर्चा की गई।

इन परिसंपत्तियों के रखरखाव, मूल्यांकन और प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (UNDESA) की ओर से UN-IAM टूलकिट के उपयोग पर भी प्रतिभागियों को विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

नेपाल, श्रीलंका, भूटान और अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल

तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव और UNDESA के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना से आए अतिथियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि भी कार्यशाला में शामिल हुए।

कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर नियोजन, संचालन और रखरखाव के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का आदान-प्रदान करना और उनके आधार पर सतत विकास की दिशा में प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed