आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच अब बिहार की अपनी टीम की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने इंडियन प्रीमियर लीग में बिहार की फ्रेंचाइजी शामिल करने की वकालत की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिहार ने देश को कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन आज भी राज्य को क्रिकेट में वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसका वह हकदार है।

अनिल अग्रवाल ने लिखा कि जिस तरह Chennai Super Kings, Mumbai Indians और Kolkata Knight Riders जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों की पहचान बन चुकी हैं, उसी तरह बिहार की भी एक मजबूत आईपीएल टीम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में बिहार की टीम बनती है तो उन्हें उसका बिना शर्त समर्थन रहेगा।

उद्योगपति के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बिहार टीम को लेकर बहस तेज हो गई है। बड़ी संख्या में लोग बिहार की क्रिकेट प्रतिभा, खेल प्रेम और राज्य की विशाल जनसंख्या को देखते हुए आईपीएल में नई फ्रेंचाइजी की मांग का समर्थन कर रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त मंच नहीं मिल पाता।

बिहार से कई खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि राज्य को आईपीएल टीम मिलती है तो इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा, बल्कि खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

फिलहाल Indian Premier League में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं और हर सीजन के साथ लीग की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में बिहार टीम की मांग आने वाले समय में क्रिकेट जगत में नई चर्चा को जन्म दे सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed