देहरादून: देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल की एप्रोच रोड धंसने की घटना को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि लगातार भारी बारिश के कारण एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुल सुरक्षित, एप्रोच रोड की युद्ध स्तर पर हो रही मरम्मत
सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण तेज बहाव में एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि, नवनिर्मित पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें मौके पर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं ताकि जल्द से जल्द एप्रोच रोड को दुरुस्त कर यातायात बहाल किया जा सके।
मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा, होगी विस्तृत जांच
सचिव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उन्हें एप्रोच रोड की मरम्मत के साथ-साथ घटना के वास्तविक कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी कमी, लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी दोष पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नदी का तेज बहाव बना चुनौती
पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी के बहाव को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में सिंचाई विभाग की टीम भी मौके पर तैनात है और विभागों के बीच समन्वय बनाकर राहत कार्य किए जा रहे हैं।
नई सड़कों की गुणवत्ता पर भी होगी निगरानी
पीडब्ल्यूडी सचिव ने कहा कि यदि प्रदेश में कहीं भी नई बनी सड़कें या पुल समय से पहले क्षतिग्रस्त होते हैं तो उनके कारणों की भी गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी।
24 घंटे के भीतर सड़कें खोलने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और प्रयास है कि प्रत्येक सड़क को अधिकतम 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोल दिया जाए।
मसूरी मार्ग पर भी विशेष निगरानी
सचिव ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर भी एक स्थान पर नया जल स्रोत सक्रिय होने के कारण बार-बार मलबा सड़क पर आ रहा है। इस क्षेत्र में विभाग की टीम मशीनों और उपकरणों के साथ लगातार तैनात है ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सके।
