देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के विधानसभा बजट सत्र की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, विधानसभा का आय-व्ययक अधिवेशन 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आहूत होगा।

11 मार्च को पेश होगा बजट

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 9 मार्च को सत्र का पहला दिन होगा, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) का अभिभाषण होगा।
10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी।
वहीं 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश करेंगे।

मंत्रिमंडल की बैठक में हुआ था निर्णय

दरअसल, 15 जनवरी 2026 को हुई धामी मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र को लेकर चर्चा की गई थी। मंत्रिमंडल ने सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया था। इसके बाद 21 जनवरी को मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि बजट सत्र गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में ही आयोजित किया जाएगा। अब उनकी सहमति के बाद तिथियों का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है।

तैयारियां तेज, विभागों से मांगे गए प्रस्ताव

विधानसभा सचिव को अग्रिम तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वित्त विभाग ने आगामी बजट सत्र के मद्देनज़र सभी विभागों से प्रस्ताव मांगे हैं, जिन पर वर्तमान में विभागवार चर्चा जारी है। बजट का प्रारूप जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पिछले साल देहरादून में हुआ था सत्र

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी सरकार ने बजट सत्र गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया था, लेकिन भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मेंटेनेंस कार्य चलने के कारण सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था। अब भवन का रखरखाव कार्य पूर्ण हो चुका है और सरकार ने इस वर्ष गैरसैंण में ही बजट सत्र आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है।

गैरसैंण में बजट सत्र का आयोजन राज्य की क्षेत्रीय संतुलन और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *