Dehradun में सड़क कटिंग के बाद मार्गों के रेस्टोरेशन कार्यों को लेकर अब सख्ती बढ़ा दी गई है। लोक निर्माण विभाग के सचिव Pankaj Pandey ने गुरुवार सुबह 6 बजे से शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी Savin Bansal और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान दिलाराम चौक, हाथीबड़कला, सहस्त्रधारा रोड, आईएसबीटी, हरिद्वार बाईपास, बल्लूपुर चौक, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल सहित कई प्रमुख स्थानों का जायजा लिया गया। कई जगहों पर सड़क मरम्मत कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ स्थानों पर खराब रेस्टोरेशन और सड़क पर मलबा मिलने पर सचिव ने नाराजगी जताई।

सचिव पंकज पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय तय शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होते ही सड़कों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण पुनर्स्थापन किया जाए और मलबा हटाया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा और नियमों का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम को ऐसे कार्यों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जनहित में रोड कटिंग की अनुमति दी जाती है, लेकिन इसके लिए समयसीमा और मानक तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत अब एक समय में केवल 2 से 3 स्थानों पर ही रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी और 15 से 21 दिन के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित एजेंसियों से शपथ पत्र भी लिया गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का विकास कार्य समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed