देहरादून, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को मियांवाला स्थित जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे खड़े नजर आए। लोगों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री ने अचानक अपना काफिला रुकवाया और खुद आम लोगों के बीच पहुंच गए।
मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे और स्थानीय लोग काफी उत्साहित हो गए। इस दौरान कई लोगों ने मुख्यमंत्री से उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री धामी ने भी सहजता से लोगों का आग्रह स्वीकार किया और बच्चों, युवाओं, महिलाओं समेत अन्य लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी ली।
बच्चों से पूछा हालचाल, लोगों से किया संवाद
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी बातें सुनीं।
मुख्यमंत्री के अचानक काफिला रुकवाकर लोगों के बीच पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी और स्थानीय लोगों का उत्साह इस पूरे पल को खास बना गया। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने का मौका मिलने से लोगों के लिए यह मुलाकात यादगार बन गई।
‘जनता के बीच रहना हमेशा सुखद अनुभव’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता से मिलना और उनके बीच रहना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
