देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित मालसी-जोहड़ी इलाके में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

घटना 30 मार्च की सुबह की है, जब मालसी क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ लोग एक सफेद कार का पीछा कर रहे थे। दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और इसी दौरान स्कॉर्पियो सवारों ने दूसरी कार पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसी बीच सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को एक गोली जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रात के विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग की घटना अचानक नहीं हुई थी, बल्कि इसकी जड़ एक दिन पहले यानी 29 मार्च की रात में हुए विवाद से जुड़ी है। राजपुर थाना क्षेत्र के एक क्लब में बिल को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में गंभीर विवाद में बदल गई।

चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें जेंजी क्लब के मालिक संदीप और आदित्य भी शामिल हैं। वहीं दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इलाके में दहशत, पुलिस सख्त

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि रोड रेज जैसी घटनाओं के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed