बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा; क्षेत्र में करीब 200 करोड़ की सीवर परियोजना पर भी चल रहा काम
श्रीनगर, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण तथा नगर निगम के नए कार्यालय भवन को स्वीकृति देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की भी बात कही।
मेले में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। इसके बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है बैकुंठ चतुर्दशी मेला
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम कर रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पांच साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। सरकार विकास और विरासत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है।
श्रीनगर में 200 करोड़ की सीवर परियोजना, एनआईटी का निर्माण जारी
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं के विकास के साथ कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क-नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।
पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के पास बनेंगे आधुनिक घाट
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित की जाएगी। श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति दी जाएगी।
इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
श्रीनगर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
