180 दिन से लंबित शिकायतों पर विभागों से जवाब तलब, छह माह से नहीं बदले गए विद्युत पोल तो यूपीसीएल से मांगा स्पष्टीकरण; बुजुर्गों, मरीजों और आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे फरियादी
देहरादून, 23 नवंबर। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 103 शिकायतें दर्ज की गईं। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और बिजली संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
180 दिन से लंबित शिकायतों पर विभागों से जवाब तलब
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बात कर निस्तारण की वास्तविक स्थिति भी जानी। सीएम हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित मामलों को लेकर डीएम ने संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा। मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति पर भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की बात कही।
बुजुर्ग को बेटे से मकान पर कब्जे की शिकायत, टीबी मरीज को भर्ती कराने के निर्देश
समाधान दिवस में जाखन निवासी 76 वर्षीय गोविंद राम शाह ने बेटे पर मकान पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर बुजुर्ग को तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं, टीबी से पीड़ित मरीज को दून अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसी दिन मरीज को भर्ती कर उपचार शुरू कराने को कहा गया। प्रेमनगर निवासी शीला देवी ने बताया कि उनके पति की हिट-एंड-रन दुर्घटना में मृत्यु के बाद उन्हें क्लेम नहीं मिला है। इस पर एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रमाण पत्र और अवैध कूड़ा निस्तारण के मामले भी पहुंचे
विकासनगर निवासी पुष्पा भट्ट ने बेटी का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। हरिपुर कालसी निवासी शराफत अली ने पत्नी के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया।
ऋषिकेश-चंद्रबनी निवासी हेमवती नंदन देवरानी ने श्री राधा-कृष्ण पब्लिक स्कूल पर घर के सामने अवैध रूप से कूड़ा और अपशिष्ट पदार्थ फेंकने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को संयुक्त जांच कर समस्या का समाधान करने को कहा। नवादा कोटा में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण में स्थानीय व्यक्ति की ओर से बाधा डालने की शिकायत पर भी एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बेटी की शादी के लिए मांगी आर्थिक मदद
मन्नूगंज निवासी जसवीर कौर ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दिसंबर में प्रस्तावित बेटी की शादी के लिए सहायता मांगी। जिलाधिकारी ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
डांडीपुर निवासी बुजुर्ग महिला बीना गुलाटी और कांवली रोड निवासी बुजुर्ग बृजमोहन ने भी बढ़ती उम्र और परिवार में आय का साधन नहीं होने के कारण आर्थिक सहायता की मांग रखी।
भगत सिंह कॉलोनी निवासी निदा रब्बानी ने घर में बिजली का मीटर नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत की। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जमीन पर कब्जे और 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत
ग्राम क्यारी निवासी प्रभा नौटियाल ने विकासनगर स्थित अपनी निजी भूमि पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। वहीं, एकता विहार निवासी बीरा पंवार ने अपनी जमीन पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला उठाया। दोनों मामलों में संबंधित एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
टिहरी जिले के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने भूमि खरीद-बिक्री के मामले में 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई।
छह माह से नहीं बदले गए बिजली के पोल, यूपीसीएल से मांगा जवाब
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर छह माह से लंबित विद्युत पोल बदलने संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्टीकरण तलब करते हुए दोनों विद्युत पोल तत्काल बदलने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों और मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
