मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कैंट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 2140 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि और उद्यान सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की।

39 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित शिविर में कुल 41 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 39 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष दो मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

51 प्रमाण पत्र मौके पर किए गए जारी

राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक विभागों ने शिविर के दौरान सक्रियता दिखाते हुए आय, जाति, आधार, यूडीआईडी और खाता-खतौनी सहित विभिन्न प्रकार के 51 प्रमाण पत्र भी मौके पर ही जारी किए, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि “जन-जन की सरकार” कार्यक्रम के माध्यम से पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना

विधायक सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सेवा, सुशासन और समर्पण के सफल पांच वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा कोई भी नागरिक बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से अब तक प्रदेश के हजारों नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाया जा चुका है।

शिविर में महापौर सौरभ थपलियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed