जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं तथा डिजिटल कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है और अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण अब डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था मजबूत हुई है।

तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने ऑनलाइन कार्य निष्पादन और रिपोर्टिंग में तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी कार्यों को तेज, पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है।

सभी विभाग करें ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत उपयोग

डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही पत्रावलियों का संचालन और निस्तारण करें। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हों।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य आशीष, दीक्षा और विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed