देहरादून, 1 अगस्त 2026: राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। 132 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस विश्वस्तरीय उद्यान का शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक शुक्रवार को प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान केवल एक पार्क नहीं होगा, बल्कि देहरादून की नई पहचान के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य संवर्धन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।

आधुनिक सुविधाओं से सजेगा राष्ट्रपति उद्यान

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत विद्युत विभाग का लगभग 80 प्रतिशत तथा उद्यान विभाग का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उद्यान में आधुनिक थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव कराने के लिए 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक तैयार किया जा रहा है।

इसके अलावा 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योग एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए योगा पवेलियन, आकर्षक व्यूइंग और वॉटरफॉल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन तथा विशाल लीची गार्डन भी विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर

राष्ट्रपति उद्यान में आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इन सभी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया और निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स फर्म द्वारा कराए जा रहे सिविल कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, केबीजी इंजीनियर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर फराज, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed