देहरादून, 1 अगस्त 2026: सरकारी राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन विभागों की वसूली निर्धारित लक्ष्य से पीछे है, उन्हें तत्काल प्रभाव से व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अब प्रत्येक माह विभागवार प्रगति की समीक्षा की जाएगी और कमजोर प्रदर्शन करने वाले विभागों से जवाब मांगा जाएगा।

इन विभागों की वसूली रही लक्ष्य से कम

बैठक के दौरान जल संस्थान, परिवहन, सिंचाई, वन विभाग तथा निबंधन (रजिस्ट्री) विभाग की राजस्व प्राप्ति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कम वसूली के कारणों का विश्लेषण कर लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।

सिंचाई विभाग ने बताया कि 100 लाख रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले जून तक 20.04 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उप निबंधक कार्यालयों को आवंटित 1450 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष जून तक 380 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें स्टाम्प शुल्क एवं निबंधन शुल्क से 129 करोड़ रुपये की आय शामिल है।

खनन विभाग ने लक्ष्य से अधिक की वसूली

जिला खनन अधिकारी ने जानकारी दी कि जून 2026 के लिए निर्धारित 8 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 8.06 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। साथ ही अवैध खनन के चार और अवैध परिवहन के पांच मामलों में 13.60 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसमें से 12.67 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।

आबकारी और राज्य कर विभाग का प्रदर्शन

आबकारी विभाग ने बताया कि 667.60 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले जून तक 128 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं राज्य कर विभाग ने 4563.74 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 1142.36 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

परिवहन और नगर निकायों की स्थिति

परिवहन विभाग ने बताया कि विभाग के लिए इस वर्ष कोई वार्षिक लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। इसके बावजूद जून 2026 तक 5906.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.67 प्रतिशत अधिक है।

नगर निगम देहरादून ने 75 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 24.37 करोड़ रुपये तथा नगर निगम ऋषिकेश ने 1247.20 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 170.56 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।

वन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 63.63 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 17.22 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। वहीं पर्यटन विभाग ने जून तक 1.40 लाख रुपये के राजस्व की जानकारी दी। बैठक में नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और अन्य राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओ.पी. सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव सैनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, यूटीसी के सुरेश सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed