पांच दिवसीय उत्सव के बाद नम आंखों से दी गई बप्पा को विदाई, ढोल-नगाड़ों पर जमकर झूमे छात्र-छात्राएं

देहरादून, 18 सितंबर। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना” के जयकारों के बीच ग्राफिक एरा में पांच दिवसीय गणेश उत्सव का भावपूर्ण समापन हुआ। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित उत्सव के अंतिम दिन श्रीगणेश की पूजा-अर्चना और आरती के बाद विधिवत विदाई दी गई।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पूजा-अर्चना एवं आरती में हिस्सा लिया। उत्सव के दौरान परिसर में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और गीत गाकर उत्सव की खुशी साझा की।

कहीं छात्र-छात्राएं उत्साह में झूमते नजर आए तो कहीं एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाकर उत्सव का आनंद लेते दिखे। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।

खुशी के साथ भावुक हुई विदाई

पांच दिनों तक चले गणेश उत्सव के समापन पर माहौल भावुक भी हो गया। रंगों और उमंग से भरे उत्सव के बाद छात्र-छात्राओं ने नम आंखों और भावुक मन से बप्पा को विदाई दी। इस दौरान सभी ने अगले वर्ष फिर से गणपति के आगमन की कामना की।

इसके बाद श्रीगणेश की प्रतिमा को प्रेमनगर स्थित नदी में विसर्जित किया गया। गणपति विसर्जन के साथ ही विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय गणेश उत्सव का विधिवत समापन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *