देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जनपद देहरादून की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। 3 अक्टूबर 2026 को जारी अंतिम सूची के अनुसार जिले में अब कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रारूप मतदाता सूची की तुलना में अंतिम सूची में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम मतदाता सूची की जानकारी साझा की। इस दौरान जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी तथा सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई।

36 हजार से अधिक नए नाम जुड़े, 32 हजार हटाए गए

14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में देहरादून जिले में कुल 11,90,805 मतदाता दर्ज थे। इनमें 6,15,349 पुरुष, 5,75,404 महिलाएं और 52 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल थे।

SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11,94,797 हो गई है। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। अंतिम सूची में 9,371 सर्विस मतदाता भी दर्ज हैं।

पुनरीक्षण के दौरान कुल 36,042 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए। इस तरह प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी हुई।

सहसपुर में सबसे ज्यादा मतदाता

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में सहसपुर सबसे आगे है। यहां कुल 1,60,507 मतदाता पंजीकृत हैं।

इसके बाद धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता हैं।

अन्य विधानसभा क्षेत्रों में चकराता में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, देहरादून कैंट में 89,209 और राजपुर रोड में 80,569 मतदाता दर्ज हैं।

जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2,045 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

राजनीतिक दलों को सौंपी गई अंतिम मतदाता सूची

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने SIR कार्यक्रम में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों का आभार जताया। उन्होंने आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी दायित्व भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविन्द्र ज्वांठा, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। भाजपा से अरविंद कुमार जैन और महेश गुप्ता, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से जसविंदर सिंह और सुनील जायसवाल, बसपा से सतेन्द्र कुमार और सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा बैठक में शामिल हुए। जिले के संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

उत्तराखंड में 71.58 लाख मतदाता, अंतिम सूची जारी

उत्तराखंड में भी SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार SIR शुरू होने के समय प्रदेश में 79,60,762 मतदाता थे। ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 71,33,785 रह गई थी।

दावा-आपत्ति के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं 18-19 आयु वर्ग में 72,656 युवा मतदाता हैं।

SIR के दौरान प्रदेश में 1,29,872 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 1,04,708 नाम हटाए गए। प्रदेश में कुल 12,543 मतदान केंद्र हैं।

छूटे मतदाता Form-6 से कर सकेंगे आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि जो लोग अभी भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे Form-6 भरकर ECI Net App या BLO के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। BLO घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं को चिन्हित करेंगे। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी और बेघर लोगों के लिए भी विशेष कैंप लगाए जाने की बात कही गई है।

अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन विभाग की वेबसाइट ceo.uk.gov.in और voter.eci.gov.in पर देखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed