देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल कॉलेज में आयोजित रावण दहन एवं दशहरा मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है। यह पर्व याद दिलाता है कि अधर्म और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य की ही होती है।

भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्श मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं। श्रीराम ने अपने आचरण से सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनका जीवन परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख देता है।

संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन

सीएम धामी ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ते हैं। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक मेल-जोल और जनसहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्वों के संदेश को अपने व्यवहार में अपनाकर ही उन्हें सार्थक बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed