मालदेवता के थेवा गांव में सीडीओ अभिनव शाह ने की पहली चौपाल, क्षतिग्रस्त नहर-पुलिया की मरम्मत से लेकर स्कूलों की समस्याओं तक पर दिए कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने ‘रात्रि चौपाल’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे। पहली रात्रि चौपाल विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

चौपाल में ग्रामीणों ने सिंचाई की क्षतिग्रस्त नहर, टूटी पुलिया, जर्जर विद्यालय भवन, धान की फसल में रोग और खरपतवार से नुकसान, जंगली जानवरों से खेती को क्षति, सड़क निर्माण के कारण जलभराव और विद्यालय में पेयजल की समस्या उठाई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को समस्याओं का परीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फसल में रोग की जांच के लिए नमूना पंतनगर भेजने के निर्देश

मालदेवता निवासी बच्चन सिंह कठैत ने सिंचाई नहर, पुलिया और विद्यालय भवन की मरम्मत के साथ धान की फसल में रोग और खरपतवार से हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को नहर व पुलिया की समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करने को कहा। कृषि विभाग को फसल में रोग और खरपतवार से हुए नुकसान का परीक्षण करने तथा खरपतवार का नमूना पंतनगर भेजकर उसकी पहचान और प्रभाव का आकलन कराने के निर्देश दिए गए।

विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भवन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और जल्द धनराशि उपलब्ध होने की संभावना है। सीडीओ ने समस्या के समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।

जलभराव और पेयजल की समस्याओं पर भी कार्रवाई

क्षेत्रवासी मनोज पंवार ने सड़क निर्माण के कारण घर के पास पानी की निकासी बाधित होने और जलभराव की समस्या बताई। सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को समन्वय बनाकर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान सरखेत ने ग्रामीण विद्यालय में पानी की समस्या उठाई, जिस पर सीडीओ ने मौके पर ही बजट की स्वीकृति दी और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं, पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। क्षतिग्रस्त नहर के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या पर भी संबंधित अधिकारियों को सिंचाई व्यवस्था सुचारू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

पीएचसी के उच्चीकरण का प्रस्ताव भेजा

चौपाल में मालदेवता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के उच्चीकरण का मामला भी सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र को ए श्रेणी से बी श्रेणी में उच्चीकृत करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सीडीओ ने पीएचसी में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने और इस संबंध में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

गांव में सुविधाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा

रात्रि चौपाल से पहले सीडीओ अभिनव शाह ने आंगनबाड़ी केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। चौपाल में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लिया गया। उद्यान विभाग ने किसानों को बीज वितरित किए, जबकि ग्रामीणों को स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता की जानकारी दी गई।

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन पर होगा संवाद

जिला प्रशासन के अनुसार, रात्रि चौपाल के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, कृषि, बागवानी, पशुपालन, रोजगार, पलायन और ग्रामीण पर्यटन जैसे विषयों पर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा। ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से भी स्थानीय जरूरतों के संबंध में सुझाव लिए जाएंगे। होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा होगी।

प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य गांवों की वास्तविक समस्याओं को समझना, विकास कार्यों की समीक्षा करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। चौपाल में ब्लॉक प्रमुख रायपुर सरोजिनी, ग्राम प्रधान शैलेंद्र चौहान और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed