देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 62 वर्षीय पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 नवंबर की शाम सहस्त्रधारा रोड स्थित चालंग कुल्हन की है। नितिन राणा कथित तौर पर नशे की हालत में था। इसी दौरान उसका किसी बात को लेकर अपने पिता मदन सिंह राणा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नितिन ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता पर हमला कर दिया।
कोरोनेशन अस्पताल में तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल मदन सिंह राणा को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
