बाजपुर/ 9 अक्टूबर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुई भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें प्रभावित हुईं। उस समय मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

खेतों में पहुंचकर किसानों से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए।

राहत कार्रवाई में देरी न करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक सभी कार्य तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed