टिहरी। उत्तराखंड में पलायन रोकने और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता दिनेश धनै शुक्रवार को खेतों में उतरे। उन्होंने टिहरी विधानसभा क्षेत्र के जाखणीधार विकासखंड स्थित ग्राम पुनाणु पहुंचकर ग्रामीणों और समर्थकों के साथ धान की मढ़ाई में हाथ बंटाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को अपनी पारंपरिक खेती और पुश्तैनी खेतों को संवारने के लिए प्रेरित किया।

दिनेश धनै ने कहा कि पहाड़ के लोग खेती-किसानी छोड़कर पलायन कर रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का भी दायित्व है कि वे केवल खेती को बढ़ावा देने की बात न करें, बल्कि खुद खेतों में उतरकर किसानों का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि अपने गांवों में पुश्तैनी और बंजर पड़े खेतों को संवारने की पहल करें, तो इससे दूसरे लोगों को भी पारंपरिक खेती की ओर लौटने की प्रेरणा मिलेगी। दूसरों को उपदेश देने के बजाय बदलाव की शुरुआत खुद से करनी होगी।

खेती में हाथ बंटाकर पलायन रोकने की पहल

पूर्व मंत्री ने कहा कि वह समय-समय पर ग्रामीणों के बीच जाकर धान की रोपाई और मढ़ाई जैसे कृषि कार्यों में सहयोग करते रहते हैं। यह पलायन रोकने और लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में उनका छोटा-सा प्रयास है। इसी उद्देश्य से वह ग्राम पुनाणु में धान की मढ़ाई में ग्रामीणों का सहयोग करने पहुंचे।

इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रणवीर सिंह राणा, पूर्व प्रधान जोत सिंह पनाई, शूरवीर सिंह गुसाईं, उम्मेद सिंह, गुलाब सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, मदन सिंह, चतर सिंह गुसाईं, पूरण सिंह राणा, कमल सिंह, बीरेन्द्र सिंह, कार्तिक, छंछरु, जोतर दास और राम दास सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed