देहरादून, 20 मार्च 2026 (सूवि)। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और 100% होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर जिलेभर में क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन कर गैस एजेंसियों की लगातार जांच और निगरानी की जा रही है। शुक्रवार को भी टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

प्रशासन के अनुसार, आज जिले में करीब 24,459 घरेलू उपभोक्ताओं और 269 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। इसके बावजूद घरेलू गैस सिलेंडरों में लगभग 93 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। फिलहाल जिले में 36,743 घरेलू और 1,592 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।

अधिकारियों ने बताया कि बैकलॉग का मुख्य कारण हाल ही में तीन दिनों तक गैस बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या है। इस दौरान मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से गैस वितरण किया गया, जिसकी लगभग 25 हजार से अधिक एंट्रियां अभी सॉफ्टवेयर में अपडेट की जा रही हैं। इसी वजह से बैकलॉग अधिक दिखाई दे रहा है।

जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए गैस कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed