देहरादून: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़ने से वंचित रह गए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए देहरादून जिले में विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अभियान को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
8 से 10 अक्टूबर तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिनों तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान SIR के पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।
इसके बाद 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक दलों के साथ टेबल-टॉप बैठक के निर्देश
डीएम ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को अभियान के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित की जाए।
साथ ही BLO को अभियान की प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और निर्धारित समय-सारणी की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
बूथ से घर-घर सत्यापन तक होगी मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाएगी।
प्राप्त आवेदनों और Form-6 की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे
डीएम ने अधिकारियों को क्षेत्रवार और बूथवार प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा दैनिक प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली, कांग्रेस से जसविंदर सिंह गोगी और सुनील जायसवाल, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा मौजूद रहे।
इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
