10 विधानसभा क्षेत्रों में 11.90 लाख मतदाता, एनोमली के 3.95 लाख और नो-मैपिंग के 1.52 लाख मामले चिन्हित
देहरादून, 7 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के तहत जनपद देहरादून में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समीक्षा की। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों और संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रवार पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और दावों-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की गई।
बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण से जुड़े एनोमली और नो-मैपिंग मामलों, मतदाताओं को जारी नोटिस, सुनवाई की प्रगति तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
10 विधानसभा क्षेत्रों में 11.90 लाख मतदाता
प्रशासन के अनुसार देहरादून जिले के 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11,90,805 मतदाता हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 3,95,772 एनोमली और 1,52,170 नो-मैपिंग से संबंधित मामले चिन्हित किए गए हैं।
प्रशासन के मुताबिक एनोमली और नो-मैपिंग से जुड़े मामलों में सुनवाई की जा चुकी है। जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान 29,929 मतदाता अपात्र पाए गए हैं।
पात्र मतदाताओं का नाम प्रभावित न हो : डीएम
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित नहीं होना चाहिए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपादित करने के निर्देश दिए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी से अरविंद जैन, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से सुनील जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र सिंह और सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा बैठक में शामिल हुए।
जनपद के सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
