देहरादून, 31 जुलाई: ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं को नैनोमीटर टेक्नोलॉजी, मेमोरी डिजाइन और सेमीकंडक्टर उद्योग की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से एक विशेष तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों ने चिप डिजाइन, वीएलएसआई और हार्डवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों की जानकारी साझा की।

नैनोमीटर तकनीक में मेमोरी डिजाइन‘ विषय पर आयोजित इस सत्र में एआरएम नोएडा डिजाइन सेंटर के टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. अंकुर गोयल और स्टाफ डिजाइन इंजीनियर अभिषेक कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

डॉ. अंकुर गोयल ने नैनोमीटर स्तर पर एसआरएएम (SRAM) तकनीक के विकास, मेमोरी डिजाइन की प्रमुख चुनौतियों और सेमीकंडक्टर तकनीक के नवीनतम रुझानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ऊर्जा खपत (Power Consumption) और लीकेज करंट (Leakage Current) मेमोरी के प्रदर्शन को किस प्रकार प्रभावित करते हैं। साथ ही बेहतर गति, कम बिजली खपत और अधिक विश्वसनीयता के लिए अपनाई जा रही आधुनिक डिजाइन तकनीकों की जानकारी भी दी।

स्टाफ डिजाइन इंजीनियर अभिषेक कुमार ने छात्रों को वीएलएसआई (VLSI) डिजाइन, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, एम्बेडेड सिस्टम, पीसीबी डिजाइन और हार्डवेयर इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और आवश्यक तकनीकी कौशल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया।

यह तकनीकी सत्र ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो-वीसी डॉ. संतोष एस. सर्राफ, एआई एंड एमर्जिंग टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर जनरल डॉ. अमित आर. भट्ट, विभागाध्यक्ष डॉ. अभय शर्मा, डॉ. विनय कुमार, डॉ. चांदनी तिवारी, डॉ. विकास राठी, डॉ. मृदुल गुप्ता, डॉ. कौशल कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed