देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को प्राधिकरण ने जीएमएस रोड और शिमला रोड स्थित दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर सख्त संदेश दिया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
एमडीडीए द्वारा चलाए जा रहे नियमित निरीक्षण अभियान के तहत दोनों निर्माण स्थलों पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण का कहना है कि सुनियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जीएमएस रोड पर व्यवसायिक निर्माण को किया सील
एमडीडीए की टीम ने जीएमएस रोड स्थित पिडकुल कार्यालय के निकट फरमान द्वारा कराए जा रहे व्यवसायिक निर्माण का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल को सील कर दिया और निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित निर्माणकर्ता को पूर्व में भी नियमों का पालन करने और आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका अनुपालन नहीं किया गया।
वन विहार, शिमला रोड में भी कार्रवाई
प्राधिकरण की दूसरी कार्रवाई वन विहार, शिमला रोड क्षेत्र में की गई, जहां कामिल द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में कई अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि निर्माण निर्धारित मानकों और स्वीकृत प्रक्रिया के अनुरूप नहीं किया जा रहा था।
इसके बाद टीम ने निर्माण स्थल को सील करते हुए आगे के सभी निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी।
नियमित निरीक्षण से पकड़े जा रहे अवैध निर्माण
एमडीडीए की विभिन्न टीमें प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चला रही हैं। निर्माण गतिविधियों पर नजर रखते हुए जहां भी बिना अनुमति निर्माण अथवा नियमों के उल्लंघन की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल जांच और कार्रवाई की जा रही है।
निर्माणकर्ताओं को दी सख्त चेतावनी
प्राधिकरण ने भवन स्वामियों, भू-स्वामियों और निर्माणकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां और अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत किए गए निर्माणों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित सभी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त सचिव के आदेश पर हुई कार्रवाई
दोनों निर्माणों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर की गई। इस दौरान सहायक अभियंता विजय रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा, प्राधिकरण के सुपरवाइजर एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
अवैध निर्माण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून के सुनियोजित और सुरक्षित विकास के लिए भवन निर्माण नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नियमों के उल्लंघन पर होगी तत्काल कार्रवाई : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की निरंतर निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भवन निर्माण संबंधी सभी नियमों और स्वीकृतियों का पालन करने की अपील की।
