देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को श्रीनगर से सड़क मार्ग से देहरादून लौटते समय हरिद्वार-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, गड्ढामुक्त अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुककर आम लोगों से भी संपर्क किया।
देवप्रयाग में सुलभ शौचालय का निरीक्षण
मुख्यमंत्री धामी ने देवप्रयाग में सुलभ शौचालय का निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्वच्छता और यात्री सुविधाओं के महत्व पर जोर दिया।
सुरक्षित सफर और बेहतर सुविधाएं प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाने के साथ स्थानीय नागरिकों तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राजमार्ग के निरीक्षण और सार्वजनिक सुविधाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुधार कार्यों की प्रगति और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
