रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और एएनटीएफ टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 22 दिन बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

नशा तस्करों की धरपकड़ के दौरान हुआ हमला

घटना 1 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। कोतवाली क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी में मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल भुवन पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका सिर फट गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पथराव से मची अफरा-तफरी

अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एएनटीएफ का एक अन्य जवान भी चोटिल हुआ। स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद हालात काबू में आए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

22 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी और विशेष अभियान चलाया। स्थानीय इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed