देहरादून, 20 मार्च। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए गए कैबिनेट विस्तार पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने नव नियुक्त मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे राज्य के विकास की दिशा में एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया।

अजय भट्ट ने अपने संदेश में कहा कि सरकार ने ऊर्जावान, कर्मठ और निष्ठावान जनप्रतिनिधियों को मंत्री पद की जिम्मेदारी देकर एक मजबूत टीम तैयार की है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए मंत्री पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के विकास को नई गति देंगे और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।

सांसद भट्ट ने विशेष रूप से रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी, रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा, हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक, राजपुर से विधायक खजान दास और भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा को मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन सभी नेताओं के पास जनसेवा का व्यापक अनुभव है, जो राज्य के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई जिम्मेदारियों के साथ ये मंत्री प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। साथ ही उन्होंने सभी मंत्रियों के सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed