तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के समापन पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासियों से किया संवाद। बोले- प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव और प्रतिभा से विकास को मिलेगी नई दिशा।

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासियों का आत्मीय स्वागत किया और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को अपने साथ लेकर चलते हैं। ऐसे आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को और मजबूत करते हैं।

नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। राज्य से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों और लोकनृत्यों से परिचित कराना जरूरी है। प्रवासी उत्तराखंडी अपनी अगली पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के साथ देवभूमि की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखंडियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

पैतृक गांवों के विकास में भागीदारी का आह्वान

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने को मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकते हैं।

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने किया भावविभोर

रात्रिभोज के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के जरिए देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मां नंदा देवी की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर आधारित नंदा राजजात की प्रस्तुति रही। इसने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुति में उत्तराखंड की आस्था, लोकविश्वास, परंपरा और सांस्कृतिक एकता को दर्शाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखंडियों का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वे प्रदेश के साथ अपना आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखंड के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *