1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां, नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भरने का मौका।

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। प्रदेश में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इसके अनुसार राज्य में कुल 72 लाख 78 हजार 35 मतदाता दर्ज हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट सूची में 34 लाख 84 हजार 447 महिला, 37 लाख 93 हजार 373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86 हजार 28 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83 हजार 352 पुरुष और 2 हजार 676 महिलाएं हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या 12 हजार 498 हो गई है।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन और अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनकी सुनवाई और निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

नए मतदाता फॉर्म-6 से करें आवेदन

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे युवा और वे लोग जिनके नाम किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म-6 भर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन या ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।

मतदाता सूची को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर भी देखा जा सकता है।

पिछले अभियान में 1.25 लाख नए मतदाता जुड़े

डॉ. जोगदंडे के अनुसार, प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1 लाख 25 हजार 216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। वहीं, फॉर्म-7 के माध्यम से 6 हजार 130 मतदाताओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निस्तारण किया गया।

इससे पहले 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 की अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश के कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल थे।

राजनीतिक दलों को सौंपी गई ड्राफ्ट सूची

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई और पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *