सोमेश्वर में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल हुईं कैबिनेट मंत्री, जनता के स्नेह और विश्वास को बताया अपनी सबसे बड़ी पूंजी।
सोमेश्वर। कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रनमन और स्याही देवी मंडल के मनान शक्ति केंद्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से संवाद कर प्रदेश की विकास यात्रा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड ने स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश किया है। राज्य का निर्माण पूर्वजों के सपनों, आंदोलनकारियों के संघर्ष और उनके बलिदान का परिणाम है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया और कहा कि उनके प्रयासों से उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
‘जनता का स्नेह और विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी’
क्षेत्रवासियों से संवाद के दौरान मंत्री रेखा आर्या भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “मैं विधायक और कैबिनेट मंत्री बाद में हूं, सबसे पहले आपकी बेटी हूं।” उन्होंने कहा कि सोमेश्वर की जनता ने उन्हें जो स्नेह, अपनत्व और विश्वास दिया है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत और पूंजी है। जनता का आशीर्वाद उन्हें समर्पण भाव से जनसेवा करने की प्रेरणा देता है।
रेखा आर्या ने कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सोमेश्वर के विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, विधानसभा विस्तारक विनोद कुमार पंत, विधानसभा प्रभारी दीप भगत, बूथ अध्यक्ष दया कृष्ण जोशी, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी और ललित नयाल, नंदन राणा, सुरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक संजय स्यूनरी, कमल सनवाल, देवेंद्र मेहरा, मंडल उपाध्यक्ष हेम जोशी, ममता पांडे, गीता देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
