देहरादून, 24 मार्च। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गणेश जोशी ने आर्यनगर वार्ड स्थित शिव मंदिर और नैशविला रोड के बद्रीनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया।
नवरात्रि के छठे दिन माँ कात्यायनी की आराधना करते हुए मंत्री ने शिव मंदिर में 251 और बद्रीनाथ मंदिर में 151 कन्याओं का सामूहिक रूप से पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा व उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नारी शक्ति का सम्मान ही सच्ची उपासना
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बेटियां समाज की आधारशक्ति हैं और उनका पूजन साक्षात शक्ति की आराधना है। उन्होंने कहा कि कन्याओं के सम्मान और सेवा से न केवल आध्यात्मिक उन्नति होती है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह परंपरा हमें नारी शक्ति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश देती है और समाज को संस्कारों से जोड़ती है।
प्रदेशवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
कन्या पूजन के दौरान मंत्री जोशी ने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, निर्मला जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद योगेश घाघट, डॉ. बबीता सहोत्रा, पूर्व पार्षद सत्येन्द्र नाथ, राजेश राजौरिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
\]
