देहरादून/हरिद्वार। आगामी 2027 कुंभ मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में मेला प्रशासन ने आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक खास पहल शुरू की है। कुंभ मेले के लिए आधिकारिक लोगो (प्रतीक चिन्ह) डिजाइन करने हेतु नागरिकों से रचनात्मक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। चयनित लोगो बनाने वाले प्रतिभागी को मेला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

मेला अधिकारी सोनिका ने जानकारी देते हुए बताया कि कुंभ मेला भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे में इस भव्य आयोजन के लिए ऐसा लोगो तैयार किया जाना चाहिए, जो इसकी धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शा सके।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लोगो में नवाचार के साथ-साथ आध्यात्मिकता और परंपराओं की स्पष्ट झलक होनी चाहिए, ताकि यह कुंभ मेले की एक मजबूत पहचान बन सके। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों, कलाकारों, डिजाइनरों और युवाओं को इस ऐतिहासिक आयोजन से जोड़ना है।

15 दिनों के भीतर भेजें प्रविष्टियां
इच्छुक प्रतिभागी अपना लोगो डिजाइन 15 दिनों के भीतर सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी के रूप में मेला नियंत्रण भवन, हर की पैड़ी (हरिद्वार) स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल kumbh.ccr@gmail.com पर भी डिजाइन भेजा जा सकता है।

युवाओं और कलाकारों से अपील
मेला प्रशासन ने प्रदेश के कलाकारों, डिजाइनरों, छात्रों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह मौका न सिर्फ रचनात्मकता दिखाने का है, बल्कि कुंभ जैसे वैश्विक धार्मिक आयोजन की पहचान गढ़ने का भी है।

तेजी से चल रही हैं कुंभ 2027 की तैयारियां
उत्तराखंड सरकार पहले ही 2027 के अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ के रूप में आयोजित करने की घोषणा कर चुकी है। इसके लिए बड़े स्तर पर निर्माण कार्य जारी हैं और अधिकारी लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने में जुटे हैं।

अब लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के जरिए कुंभ मेले को एक नई पहचान देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed