प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री आवास पर पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की लोककला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के विषय पर चर्चा हुई।

देहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और परंपराएं उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।

इस अवसर पर संचार और प्रसारण के विभिन्न माध्यमों के जरिए उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को व्यापक पहचान दिलाने तथा राज्य की लोककला और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed