नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 30 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास। धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को भी मंजूरी।
थत्यूड़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नौवें जौनपुर महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए करीब 52 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ को उप जिला चिकित्सालय बनाने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय जैविक उत्पादों, दाल और मसालों के क्षेत्र में कार्य करने वाले कूबल चंद पुंडीर को सम्मानित किया गया।
52 करोड़ की 26 योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री की ओर से कुल 52 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी गई। इनमें करीब 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, प्राधिकरण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई, लघु सिंचाई और सामुदायिक विकास योजना से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने की बात कही। इसके अलावा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवान बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। उन्होंने थत्यूड़ सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों को विचार के बाद घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।
गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का संकल्प प्रदेश के हर गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जिनमें जौनपुर क्षेत्र के भी सैकड़ों युवा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
मुख्यमंत्री ने जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजनों को लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
यूसीसी, नकल विरोधी कानून और पर्यटन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और सख्त नकल विरोधी कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने लैंड जिहाद के विरुद्ध कार्रवाई का उल्लेख करते हुए दावा किया कि करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने युवाओं के भविष्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य चल रहा है और तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए एक जनपद-एक उत्पाद योजना तथा हिमालय हाट जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।
साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मिला जौनपुर रत्न
महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से नवाजा गया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने महोत्सव को नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने वाला आयोजन बताया। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पंपिंग योजनाओं, कृषि और उद्यान से जुड़ी योजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धनोल्टी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन और पॉलिटेक्निक संस्थान की शुरुआत सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास के तीन किलोमीटर मोटर मार्ग और नागराजाधार मोटर मार्ग को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर 10 प्रतिशत क्षेत्रीय आरक्षण के लिए धन्यवाद दिया और चिन्हीकरण में शिथिलता बरतने की मांग की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह, डीबीसी टिहरी अध्यक्ष सुभाष रमोला, राज्य मंत्री गीता रावत, दर्जाधारी मंत्री संजय नेगी, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, वीरेंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और एसडीएम अंशुल भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
