204 दिनों तक चले यात्रा सीजन में करीब सात हजार पंजीकृत मजदूरों को मिला रोजगार, मंदिर समिति की आय में भी 38 लाख रुपये की बढ़ोतरी।
यमुनाघाटी। यमुनोत्री धाम की इस वर्ष की यात्रा आस्था के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ी सौगात साबित हुई। करीब 204 दिनों तक चले यात्रा सीजन में 8 लाख 85 हजार श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद से यात्रा से जुड़े कारोबार का आंकड़ा करीब 87.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
यात्रा से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े करीब सात हजार पंजीकृत मजदूरों को रोजगार मिला। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रत्येक मजदूर की औसत कमाई करीब सवा लाख रुपये रही। यात्रा से घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी संचालकों और कुलियों के साथ ही होटल, ढाबा, प्रसाद, पूजा सामग्री और स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को भी गति मिली।
जिला पंचायत को तीन करोड़, मंदिर समिति की आय 90 लाख
यात्रा सीजन के दौरान जिला पंचायत को कुली एजेंसी के माध्यम से करीब तीन करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, यमुनोत्री मंदिर समिति की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। दानपात्र और रसीद बुकों के माध्यम से समिति को करीब 90 लाख रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 52 लाख रुपये से अधिक था। इस तरह समिति की आय में पिछले साल के मुकाबले करीब 38 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई।
19 अप्रैल को खुले थे कपाट, भैयादूज पर हुए बंद
इस वर्ष यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। करीब पौने सात महीने चले यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार आमद से यमुनाघाटी के बाजारों में रौनक बनी रही और यात्रा आधारित स्थानीय कारोबार को व्यापक लाभ मिला।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि यात्रा कारोबार में हुई वृद्धि को देखते हुए आने वाले वर्षों में धाम की यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
