देहरादून। राजधानी में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने जाखन स्थित इंजीनियर इन्क्लेव में राजपुर रोड के पास एक निर्माण को सील कर दिया। एमडीडीए के अनुसार, निर्माण कार्य में स्वीकृत मानचित्र से विचलन पाया गया था, जिसके बाद संबंधित पक्ष के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए कार्रवाई की गई।

प्राधिकरण के मुताबिक, अनुभव छाबड़ा और विकास गिरधर द्वारा कराए जा रहे निर्माण में निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया। इसके बाद उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 और उत्तराखंड संशोधन अधिनियम, 2009 के संबंधित प्रावधानों के तहत वाद दायर किया गया। नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया गया।

नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर किए जाने वाले निर्माण के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण करने की अपील

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि स्वीकृत मानचित्र से हटकर निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत वाद दायर कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि वे प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण करें, ताकि उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

प्राधिकरण ने कहा कि शहर में निर्माण कार्यों की निगरानी की जा रही है और अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed