मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह के खेल जीवन को युवा खिलाड़ियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत, कहा- उनकी उपलब्धियां युवाओं को देश का नाम रोशन करने की देती हैं प्रेरणा।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह का स्वागत किया और भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी के दम पर विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धियां युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
